उडुपी : खाड़ी देश में मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भविष्य संवारने निकले शांतनु शेट्टीगर की किस्मत ने ऐसा करवट ली कि वे देखते-ही-देखते करोड़पति बन गए। अबू धाबी की चर्चित ‘बिग टिकट’ लॉटरी ने उनकी जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी है। शांतनु ने इस ड्रॉ में 2 करोड़ दिरहम का बंपर इनाम जीता है, जिसकी भारतीय कीमत करीब 49 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
साधारण प्रवासी से अरबपति बनने तक का सफर
मंगलवार को जब बिग टिकट ड्रॉ के नतीजे ऑनलाइन घोषित किए गए, तो शांतनु का नाम विजेता के रूप में सामने आया। आयोजकों की ओर से जैसे ही उन्हें जीत की सूचना दी गई, वे कुछ पल तक इसे सच मानने को तैयार ही नहीं थे। अचानक मिली इस बड़ी खुशी ने उन्हें भावुक कर दिया।
दोस्ती की मिसाल बनी जीत
इस जीत की सबसे खास बात यह रही कि शांतनु ने यह लॉटरी टिकट अकेले नहीं, बल्कि अपने एक करीबी दोस्त के साथ मिलकर खरीदा था। जीत की पुष्टि होने के बाद शांतनु ने साफ किया कि वे इस इनामी राशि को अपने दोस्त के साथ बराबरी से साझा करेंगे। उनकी यह सोच न सिर्फ उनकी ईमानदारी को दर्शाती है, बल्कि सच्ची दोस्ती की भी एक बेहतरीन मिसाल बन गई है। फिलहाल शांतनु मस्कट में ही हैं और इनाम से जुड़ी औपचारिक प्रक्रियाओं के पूरा होने का इंतजार कर रहे हैं। वहीं, उडुपी स्थित उनके घर पर खुशी का माहौल है। जैसे ही इस खबर की जानकारी मिली, रिश्तेदारों, दोस्तों और गांववालों की ओर से बधाइयों का तांता लग गया है।
खाड़ी में मेहनत की रोटी कमाने गए शांतनु की यह कहानी आज हजारों प्रवासी भारतीयों के लिए उम्मीद और किस्मत की एक नई मिसाल बन गई है।
