गोड्डा : जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र के तेलगामा के पास अहले सुबह एक बड़ा हादसा हुआ। महागामा-ललमटिया मार्ग से गुजर रही एक हाइवा अनियंत्रित होकर सड़क की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 40 फीट नीचे एनटीपीसी की डाउनलाइन MGR MT रेलवे ट्रैक पर जा गिरी। हादसे में हाइवा चालक लालू कुमार और उपचालक मनीष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही ललमटिया थाना प्रभारी रौशन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। चालक लालू कुमार को ट्रेन के बोगी के नीचे से निकालकर अस्पताल भेजा गया, जबकि उपचालक मनीष कुमार लंबे समय तक वाहन में फंसे रहे।
सुबह एनटीपीसी की रेस्क्यू टीम शुभाशीष बनर्जी के नेतृत्व में घटनास्थल पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद उपचालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।हादसे के कारण कुछ समय के लिए रेलखंड पर आवागमन बाधित रहा। मौके पर पुलिस और एनटीपीसी की टीम ने मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया है। रेस्क्यू टीम प्रमुख शुभाशीष बनर्जी ने बताया कि समय पर सूचना मिलने के कारण बड़ी दुर्घटना टल गई।
