सरायकेला-खरसावां / आदित्यपुर : आदित्यपुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक महिला से सोने की चेन छीनने की घटना सामने आई है। घटना 12 फरवरी 2026 की सुबह करीब 7:46 बजे की बताई जा रही है। पीड़िता रेनू कुमारी (उम्र 47 वर्ष), पति – विनोद कुमार, निवासी हरिओम नगर, आरआईटी-161, रोड नंबर-03, आदित्यपुर-1 ने इस संबंध में आदित्यपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रेनू कुमारी रोज की तरह सुबह करीब 7:35 बजे अपनी स्कूटी से घर से लगभग 200 मीटर दूर स्थित ऑर्बिट कॉम्प्लेक्स के पास दूध लेने गई थीं। दूध लेकर जब वह वापस घर लौट रही थीं और हरिओम नगर रोड नंबर-03 पर अपनी परिचित महिला से बातचीत के लिए रुकीं, तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे।
बताया जा रहा है कि दोनों युवकों ने हेलमेट पहन रखा था। इसी दौरान बाइक पर पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर रेनू कुमारी के गले से लगभग 40 ग्राम वजनी सोने की चेन छीन ली और मुख्य सड़क की ओर फरार हो गए।
हेलमेट पहने होने के कारण पीड़िता और उनके साथ खड़ी महिला आरोपियों का चेहरा नहीं देख सकीं। पीड़िता ने आवेदन में बताया है कि पूरी घटना उनके घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिसका फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सुबह-सुबह हुई इस वारदात पर चिंता जताते हुए पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है। आदित्यपुर थाना पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
देखें वीडियो….
