जामताड़ा। शनिवार को कुंडहित में आयोजित एक प्रेस वार्ता में भाजपा नेता माधव चंद्र महतो ने प्रधानमंत्री आवास प्लस 2.0 योजना के तहत हो रहे सर्वेक्षण और लाभुकों के चयन को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष प्रधानमंत्री आवास प्लस 2.0 के तहत व्यापक स्तर पर सर्वेक्षण किया गया है, जिसमें प्रत्येक पंचायत से लगभग 600 लोगों का नाम सूचीबद्ध किया गया है।



माधव चंद्र महतो ने योजना में संभावित अनियमितताओं पर चिंता जताते हुए बिचौलियों की भूमिका पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि कुछ बिचौलिये ऐसे परिवारों को दोबारा आवास दिलाने का प्रयास कर रहे हैं, जिनके परिवार पहले ही किसी सरकारी आवास योजना का लाभ प्राप्त कर चुके हैं। उन्होंने इसे योजना की मंशा के विपरीत बताते हुए कहा कि इस संबंध में वे जामताड़ा के उपायुक्त को पत्र लिखकर अवगत करा चुके हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना में गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं, पात्र लाभुकों को ही मिले योजना का लाभ : माधव चंद्र महतो #jamtada #जामताड़ा #bjpgovernment
उन्होंने नाला, कुंडहित और फतेहपुर प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) से अपील करते हुए कहा कि ऐसे परिवारों को योजना के लाभ से वंचित रखा जाए, जिन्हें पूर्व में किसी सरकारी आवास योजना का लाभ मिल चुका है। साथ ही उन्होंने मांग की कि केवल उन पात्र और जरूरतमंद परिवारों को योजना का लाभ दिया जाए, जिन्हें आज तक किसी भी सरकारी आवास योजना का लाभ नहीं मिला है।
https://www.facebook.com/share/v/1ANswieHZg/
भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है और इसमें किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या भ्रष्टाचार स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि योजना के क्रियान्वयन में अनियमितता पाई जाती है तो भाजपा जनहित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। प्रेस वार्ता में भाजपा मंडल अध्यक्ष वरुण मंडल, गया प्रसाद मंडल, पूर्ण चंद्र मंडल, मृत्युंजय मंडल, विश्वजीत सिंह, देवी प्रसाद बनर्जी, दामोदर लायक सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।



