सरायकेला-खरसावां/आदित्यपुर : जमशेदपुर के बहुचर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में आज भाजपा द्वारा बुलाए गए ‘आदित्यपुर बंद’ का असर पूरे इलाके में दिख रहा है। बंद को सफल बनाने के लिए सड़क पर उतरे भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।

मेयर समेत दर्जनों हिरासत में
प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय और गर्मा गया जब आदित्यपुर क्षेत्र में बंद करा रहे मेयर सहित 40 से अधिक भाजपा नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। भाजपा कार्यकर्ता हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी और पुलिस प्रशासन की कार्यशैली को लेकर लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं।
सुरक्षा का कड़ा पहरा
पूरे आदित्यपुर और सरायकेला-खरसावां जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। सरायकेला के एसपी मनोज स्वर्गियारी ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की हिंसा या कानून को हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। क्षेत्र के चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल मुस्तैद है।
घटना की पृष्ठभूमि
गौरतलब है कि बिष्टुपुर क्षेत्र में हिमांशु सिंह की नृशंस हत्या के बाद से ही शहर में भारी आक्रोश है। परिजनों ने पुलिस की मौजूदगी में हुई इस घटना पर कड़ी नाराजगी जताई है। बढ़ते जनदबाव को देखते हुए सरकार ने जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के स्थानांतरण के साथ ही लापरवाह पुलिसकर्मियों को निलंबित भी किया है। मुख्य आरोपियों की धर-पकड़ के लिए विशेष टीमें (SIT) लगातार छापेमारी कर रही हैं।

