गढ़वा : गढ़वा जिला अंतर्गत सदर थाना क्षेत्र में दबंगों की दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां चेतना गांव के पास एक युवक को बीच सड़क पर रोककर बेरहमी से पीटा गया। घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश है।

क्या है पूरा मामला?
पीड़ित रुपम चंद्रवंशी ने बताया कि वह अपनी मोटरसाइकिल से किसी कार्यवश निकला था। इसी दौरान चेतना गांव के समीप दो बाइकों पर सवार कुछ युवकों ने उसे घेर लिया और लात-घूंसों से उसकी पिटाई शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले से पीड़ित संभल नहीं पाया और आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने शाहरुख नामक व्यक्ति पर हमले का मुख्य सूत्रधार होने का आरोप लगाया है और बताया कि उसका हमलावरों से कोई पूर्व विवाद नहीं था।
विधायक के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे पीड़ित
घटना के बाद पीड़ित ने स्थानीय विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी से संपर्क किया। विधायक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित को साथ लिया और सीधे पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने लिखित शिकायत दर्ज कराई और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
इस अवसर पर विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा, “अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि दिनदहाड़े सड़क पर मारपीट की घटनाएं हो रही हैं। आम जनता का सुरक्षा के प्रति भरोसा कम होता जा रहा है।”
पुलिस ने शुरू की जांच
शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि सामने आए CCTV फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

