जमशेदपुर : श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव के अवसर पर शहर में गुरुवार को भगवान श्री जगन्नाथ, बहन सुभद्रा एवं भाई बलभद्र की भव्य रथ यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। इस अवसर पर झारखंड के पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता एवं मानगो की मेयर सुधा गुप्ता रथ यात्रा में शामिल हुए। दोनों जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धापूर्वक महाप्रभु भगवान जगन्नाथ के रथ की रस्सी खींचकर सेवा का सौभाग्य प्राप्त किया और भगवान से राज्य एवं देशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने सभी श्रद्धालुओं एवं देशवासियों को रथ यात्रा की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान जगन्नाथ की कृपा सभी पर बनी रहे। उन्होंने कहा कि भक्ति, आस्था और समर्पण का यह पावन पर्व प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए। साथ ही उन्होंने महाप्रभु से समाज में प्रेम, सौहार्द एवं भाईचारे की भावना निरंतर बनी रहने की प्रार्थना की. रथ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और पूरे मार्ग पर भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।

