जमशेदपुर : ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (एआईडीएसओ) एवं ऑल इंडिया महिला सांस्कृतिक संगठन (एआईएमएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलनरत शिक्षाविद एवं वैज्ञानिक सोनम वांगचुक तथा लोकतांत्रिक आंदोलनों पर कथित दमनात्मक कार्रवाई के विरोध में साकची गोलचक्कर पर प्रदर्शन किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत साकची आमबागान मैदान से निकली छात्र रैली के साथ हुई। रैली बस स्टैंड होते हुए साकची गोलचक्कर पहुंची, जहां विरोध सभा आयोजित की गई।

सभा को संबोधित करते हुए एआईडीएसओ के प्रदेश सचिव सोहन महतो ने कहा कि देश में नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लगातार लीक होने से लाखों छात्रों का भविष्य संकट में है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन मुद्दों के विरोध में आंदोलन कर रहे सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस द्वारा गैर-लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन स्थल से हटाया गया तथा प्रस्तावित संसद मार्च को भी रोकने के लिए दमनात्मक कार्रवाई की गई।
एआईएमएसएस की जिला सचिव शीला रॉय ने छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की निंदा करते हुए छात्र, अभिभावक और शिक्षकों से एकजुट होकर शिक्षा व्यवस्था को बचाने के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया। प्रदर्शन के दौरान संगठन की ओर से चार प्रमुख मांगें रखी गईं। इनमें देशभर में पेपर लीक की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) को समाप्त करने तथा लोकतांत्रिक आंदोलनों में पुलिस हस्तक्षेप बंद करने की मांग शामिल है।
सभा का संचालन एआईडीएसओ के जिला सचिव शुभम कुमार झा ने किया। कार्यक्रम में एआईडीएसओ के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय रॉय, कोषाध्यक्ष युधिष्ठिर कुमार, प्रदेश सचिव मंडली सदस्य प्रदीप यादव, खुशबू कुमारी, सोनी सेनगुप्ता, अमन सिंह, अपूर्व महतो, खुदीराम हसदा, प्रेम, राजेश, रोहित रॉय, राहुल, अभिक, मनीष तथा एआईएमएसएस की ओर से केशवती नायक, मीता मित्रा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

