विदेशों तक संगठन का विस्तार, डिजिटल प्लेटफॉर्म, स्टार्टअप, यूपीएससी स्टडी सेंटर और हाई-टेक मैट्रिमोनियल सिस्टम पर बनी रणनीति
जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित रमाडा होटल में झारखंड प्रदेश इकाई के आतिथ्य में आयोजित अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के सत्र 2026-31 के दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन का रविवार को समापन हो गया। अधिवेशन के दूसरे दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत कुमार मित्तल की अध्यक्षता में राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें संगठन के आगामी पांच वर्षों के मिशन और विकास की व्यापक रणनीति पर मंथन करते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान अग्रसेन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। स्वागत भाषण में राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत कुमार मित्तल ने अग्रोहा शक्तिपीठ में कुलदेवी आद्य महालक्ष्मी मंदिर के निर्माण कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए आगामी समर्पण योजना की जानकारी दी. बैठक में विभिन्न राष्ट्रीय समितियों, उप-समितियों एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्षों, संयोजकों और सह-संयोजकों ने अपने-अपने कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। साथ ही संगठन को देशभर में और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के लिए नई समितियों के गठन तथा उनके कार्यक्षेत्र तय करने पर विस्तृत चर्चा हुई।
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर बैठक में उपस्थित सभी प्रतिनिधियों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की…..
बैठक में अखिल भारतीय अग्रवाल युवा सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नंदलाल अग्रवाल, महिला सम्मेलन की राष्ट्रीय अध्यक्ष वंदना टिबड़ेवाल, भामाशाह संरक्षक विनीत गुप्ता, नंदकिशोर अग्रवाल सहित विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे। राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नाथूराम जैन ने वर्ष 2025-26 का आय-व्यय एवं लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय महामंत्री गोपाल गोयल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन भामाशाह ट्रस्टी विनीत गुप्ता लोहिया ने किया।
अगले पांच वर्षों के लिए तैयार हुआ विजन डॉक्यूमेंट….
राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में आगामी पांच वर्षों के लिए संगठन का विस्तृत रोडमैप तैयार किया गया। इसके तहत विदेशों में बसे अग्रबंधुओं को संगठन से जोड़ने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार, संगठन की पत्रिका एवं आईटी संवाद को पूरी तरह डिजिटल और पेपरलेस बनाने, युवाओं के स्टार्टअप को तकनीकी एवं वित्तीय सहयोग देने, बी-टू-बी नेटवर्क को मजबूत करने, विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए सुरक्षित हाई-टेक ग्लोबल मैट्रिमोनियल सिस्टम विकसित करने, नई पीढ़ी को महाराजा अग्रसेन के सिद्धांतों से जोड़ने तथा संगठन को आत्मनिर्भर कॉर्पोरेट मॉडल की दिशा में आगे बढ़ाने पर सहमति बनी. इसके अलावा दिल्ली में यूपीएससी की तैयारी कर रहे जरूरतमंद अग्रवाल समाज के छात्र-छात्राओं के लिए सुरक्षित आवास, आधुनिक लाइब्रेरी एवं स्टडी सेंटर की स्थापना, समाज में फैली कुरीतियों के उन्मूलन, अनुशासन समिति के गठन तथा संगठन के लिए डिजिटल मोबाइल एप विकसित करने जैसे प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किए गए।
समाज को जरूरत पड़ेगी तो हमेशा साथ खड़ी मिलूंगी : सुधा गुप्ता….
राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में विशेष रूप से शामिल हुईं मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि अग्रवाल समाज को हर क्षेत्र में अपनी भागीदारी बढ़ानी होगी। उन्होंने कहा कि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर स्थानीय निकाय, विधानसभा और लोकसभा चुनाव लड़ने वाले समाज के योग्य लोगों का समर्थन किया जाना चाहिए, ताकि समाज की राजनीतिक भागीदारी और मजबूत हो सके. मेयर सुधा गुप्ता ने कहा, “जहाँ-जहाँ और जब-जब अग्रवाल समाज को मेरी आवश्यकता पड़ेगी, मैं सदैव आपके साथ खड़ी मिलूंगी।” उन्होंने समाज की एकजुटता और संगठन की मजबूती पर भी जोर दिया।
