जिला उपाध्यक्ष अंसार खान बोले- यह छात्रों, युवाओं और जनआंदोलन की पहली बड़ी जीत

जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के जिला उपाध्यक्ष अंसार खान के नेतृत्व में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर शहर के जवाहर नगर रोड नंबर-14 एवं 13 मार्केट क्षेत्र में लड्डू बांटकर खुशी मनाई गई। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे छात्रों, युवाओं और इंडिया गठबंधन के आंदोलन की महत्वपूर्ण सफलता बताया।
अंसार खान ने कहा कि नीट पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में छात्र, युवा और कांग्रेस पार्टी लगातार आंदोलन कर रहे थे। आंदोलन की प्रमुख मांगों में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा भी शामिल था। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा केंद्र सरकार की बड़ी विफलता का प्रतीक है और यह जनआंदोलन की पहली बड़ी जीत है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी देशभर के छात्रों और युवाओं को इस आंदोलन में मजबूती से डटे रहने तथा आंदोलन की इस सफलता पर बधाई दी है। अंसार खान ने कहा कि कांग्रेस आगे भी छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को पूरी मजबूती के साथ उठाती रहेगी. कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
