रांची : जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितता, पेपर लीक, लंबित छात्रवृत्ति एवं अन्य छात्रहित के मुद्दों को लेकर गुरुवार को राजधानी रांची में छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया। आजसू छात्र संघ के नेतृत्व में जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से निकला मार्च राजभवन (लोकभवन) की ओर बढ़ा, जहां पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम करते हुए बैरिकेडिंग की। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं के कारण युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।

छात्रों ने पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि केवल सीआईडी जांच से उन्हें संतोष नहीं है। उनका आरोप है कि जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा में व्यापक स्तर पर गड़बड़ियां हुई हैं, इसलिए परीक्षा रद्द कर निष्पक्ष तरीके से दोबारा आयोजित की जाए। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षक (आचार्य) नियुक्ति प्रक्रिया में भी कथित अनियमितताओं का आरोप लगाया और योग्य अभ्यर्थियों के साथ न्याय सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही उन्होंने झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) से लंबित जेटेट (JTET) परीक्षा की तिथि जल्द घोषित करने की भी मांग उठाई।
छात्रों का कहना है कि पिछले करीब दो वर्षों से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ नहीं मिल सका है। उन्होंने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाने, उत्तर पुस्तिकाएं और अंक देखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा समयबद्ध भर्ती परीक्षाएं आयोजित करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो 10 अगस्त को विधानसभा का घेराव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर झारखंड में भी दिल्ली के जंतर-मंतर की तर्ज पर व्यापक छात्र आंदोलन खड़ा किया जाएगा।
