जमशेदपुर। बोर्ड ऑफ प्रैक्टिकल ट्रेनिंग (ईस्टर्न रीजन), शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से श्रीनाथ यूनिवर्सिटी, आदित्यपुर, जमशेदपुर में 20 अगस्त 2026 को रीजनल अप्रेंटिसशिप-कम-जॉब फेयर का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेले का आयोजन सुबह 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक विश्वविद्यालय परिसर में होगा। इस रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों की 41 कंपनियां भाग ले रही हैं और अभ्यर्थियों के चयन के लिए 1,000 से अधिक अप्रेंटिसशिप एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। कंपनियों के प्रतिनिधि मौके पर अभ्यर्थियों का इंटरव्यू लेकर चयन प्रक्रिया पूरी करेंगे।

2022 से 2026 तक के पासआउट विद्यार्थी ले सकेंगे हिस्सा
रोजगार मेले में वर्ष 2022 से 2026 तक के पासआउट इंजीनियरिंग एवं टेक्नोलॉजी ग्रेजुएट्स और डिप्लोमा धारक भाग ले सकते हैं। इसके अलावा बीए, बीएससी, बीकॉम, नर्सिंग और अन्य सामान्य स्ट्रीम के स्नातक भी इसमें शामिल हो सकेंगे। माइनिंग स्ट्रीम को इसमें शामिल नहीं किया गया है।
अभ्यर्थियों को विभिन्न कंपनियों के एचआर प्रतिनिधियों से सीधे संवाद करने और इंटरव्यू में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इससे युवाओं को अपनी योग्यता के अनुरूप अप्रेंटिसशिप और रोजगार के अवसर तलाशने में मदद मिलेगी।
इस पहल का उद्देश्य शिक्षा और उद्योग जगत के बीच की दूरी को कम करना तथा युवाओं को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यावहारिक एवं अनुभव आधारित प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है। बोर्ड ऑफ प्रैक्टिकल ट्रेनिंग (ईस्टर्न रीजन), शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत ग्रेजुएट्स और डिप्लोमा धारकों के लिए प्रैक्टिकल ट्रेनिंग एवं अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। औद्योगिक क्षेत्र आदित्यपुर में स्थित श्रीनाथ यूनिवर्सिटी करियर-केंद्रित उच्च शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के समग्र विकास पर जोर देती है। विश्वविद्यालय में आयोजित यह रोजगार मेला विद्यार्थियों और युवाओं को सीधे उद्योग जगत से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इच्छुक अभ्यर्थी 20 अगस्त को निर्धारित समय पर श्रीनाथ यूनिवर्सिटी परिसर पहुंचकर रोजगार मेले में भाग ले सकते हैं।



























































