जमशेदपुर : डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। मंगलवार रात अस्पताल के पांचवें तल्ले पर चोरी के प्रयास में पकड़े गए युवक की निशानदेही पर एमजीएम थाना पुलिस ने चांडिल और बागुनहातु से चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने पांचों आरोपियों के पास से नीले रंग की स्कूटी, सोने का लॉकेट, मंगलसूत्र, चांदी की पायल, एक दर्जन से अधिक मोबाइल फोन, नकद रुपये समेत अन्य सामान बरामद किया है।

गिरफ्तार आरोपियों में सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बागुनहातु डी ब्लॉक निवासी सावन देवगम भी शामिल है। मंगलवार रात करीब 10 बजे एमजीएम अस्पताल के पांचवें तल्ले पर नाइट शिफ्ट में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उसे एक मरीज के परिजन की जेब काटने का प्रयास करते हुए पकड़ लिया था। इसके बाद उसे एमजीएम थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसके चार अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
ब्लेड से काटता था जेब, चोरी के बाद बदल लेता था कपड़े
पुलिस के अनुसार, सावन अस्पताल के अलग-अलग तल्लों पर भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को निशाना बनाता था। वह ब्लेड की मदद से जेब काटकर पर्स और कीमती सामान निकालता था। मंगलवार दोपहर भी उसने अस्पताल के दूसरे तल्ले पर एक मरीज के परिजन की जेब से 150 रुपये चोरी किए थे। रात में पांचवें तल्ले पर फर्श पर सो रहे एक मरीज के परिजन की जेब काटने पहुंचा, लेकिन सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता से पकड़ा गया।
आरोपी के पास से 150 रुपये, चिलम, गांजा और ब्लेड बरामद किया गया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद वह अस्पताल में ही कपड़े बदल लेता था, ताकि सीसीटीवी कैमरों और लोगों की नजर से बच सके। बताया जा रहा है कि एक बार उसने एक अटेंडेंट से विवाद भी किया था। अटेंडेंट ने उससे उसके मरीज के बारे में पूछा, लेकिन वह यह नहीं बता पाया कि उसका मरीज अस्पताल में कहां भर्ती है।
सीसीटीवी फुटेज और पुरानी चोरी की घटनाओं की जांच
पुलिस ने बुधवार को एमजीएम अस्पताल पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले और चोरी की घटनाओं से जुड़े साक्ष्य जुटाए। अस्पताल में पहले से दर्ज चोरी की प्राथमिकी के आधार पर पीड़ितों और शिकायतकर्ताओं के बयान भी लिए गए हैं। बरामद मोबाइल फोन, गहने और अन्य सामान का मिलान पूर्व में दर्ज चोरी की घटनाओं से किया जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि पिछले एक महीने में अस्पताल में हुई एक दर्जन से अधिक चोरी की घटनाओं में इसी गिरोह की भूमिका हो सकती है। पूछताछ में अस्पताल के अलावा अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में चोरी और महिलाओं के गले से चेन या अन्य सामान छिनतई की घटनाओं में भी गिरोह की संलिप्तता की जानकारी मिलने की बात सामने आई है।
अस्पताल में चोरी की कई घटनाएं सामने आईं
बागबेड़ा के सोमायझोपड़ी निवासी शंकर मल्लिक ने बताया कि मंगलवार शाम करीब आठ बजे अस्पताल की पहली मंजिल पर सोने के दौरान किसी ने उनकी जेब से 2,100 रुपये चोरी कर लिए। वहीं कमलपुर थाना क्षेत्र के बांगुड़दा चिटाईडीह निवासी स्वपन गोप ने बताया कि मंगलवार रात करीब 10 बजे उनकी जेब से 1,500 रुपये चोरी हो गए। मानगो निवासी अष्टमी महतो ने पुलिस को बताया कि एमजीएम अस्पताल की पहली मंजिल के बेड नंबर 134 पर भर्ती उनके बेटे के तकिए के नीचे रखा करीब 35 हजार रुपये मूल्य का मोबाइल फोन चोरी हो गया।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। बरामद सामान के वास्तविक मालिकों की पहचान की जा रही है। साथ ही आरोपियों की आपराधिक पृष्ठभूमि और अस्पताल में हुई अन्य चोरी की घटनाओं में उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में भी जानकारी मिल सकती है।



























































