जमशेदपुर : गोलमुरी क्षेत्र में अव्यवस्थित पार्किंग, बिगड़ती यातायात व्यवस्था और लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के खिलाफ आजसू पार्टी के जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी की ओर से शुरू की गई भूख हड़ताल थाना प्रभारी के आश्वासन के बाद समाप्त हो गई। करीब ढाई घंटे तक चले अनशन के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया।

भूख हड़ताल के समर्थन में आजसू पार्टी के जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह, पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, मजदूर नेता सह समाजसेवी बंटी सिंह, भाजपा ओबीसी मोर्चा नेता सागर राय, हिंदू जागरण मंच के जिला अध्यक्ष बलबीर मंडल, बजरंग सेवा समिति के जिला अध्यक्ष धर्मवीर कुशवाहा, युवा भाजपा नेता चिंटू सिंह, वीर सिंह, नवीन तिवारी, आजसू जिला उपाध्यक्ष कमलेश दुबे, मृत्युंजय सिंह, सुधीर सिंह, परवीन प्रसाद, अभिषेक ओझा, अरुण शुक्ला, अमरेंद्र सिंह समेत कई राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे. इस दौरान गोलमुरी यातायात थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और अप्पू तिवारी से वार्ता कर एक सप्ताह के भीतर यातायात एवं पार्किंग से जुड़ी समस्या के समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। थाना प्रभारी के आग्रह और जनहित में दिए गए समय को स्वीकार करते हुए अप्पू तिवारी ने करीब ढाई घंटे बाद अपना अनशन समाप्त कर दिया।
इधर, जेयूएससीओ की ओर से सड़क एवं संबंधित व्यवस्था को दुरुस्त करने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। आंदोलनकारियों ने इसे उनकी मांगों की दिशा में प्रारंभिक पहल बताया है. अप्पू तिवारी ने कहा कि आंदोलन किसी व्यक्ति या संस्था के विरोध में नहीं, बल्कि गोलमुरी क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा, व्यवस्थित पार्किंग और बेहतर यातायात व्यवस्था की मांग को लेकर किया गया था। प्रशासन की ओर से एक सप्ताह के भीतर ठोस कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद अनशन समाप्त किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित समय में समस्या का स्थायी समाधान नहीं होता है, तो जनहित में आगे की रणनीति तय की जाएगी।
भूख हड़ताल के दौरान उमाशंकर सिंह, देवाशीष चौधरी, मुकेश रवि, शिवा कुमार, शशांक तिवारी, विवेक दहियारे, नवीन कुमार, श्रीधर कुमार, विकास कुमार, उमेश प्रसाद, लवकुश कुमार, विनय जी समेत अन्य लोग मौजूद रहे. अप्पू तिवारी ने आंदोलन को समर्थन देने वाले सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, मजदूर नेताओं, युवाओं और स्थानीय नागरिकों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनता की एकजुट आवाज से ही व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव संभव है।


























































