जमशेदपुर : झारखंड तुरहा समाज, जमशेदपुर के तत्वावधान में पंचवटी नगर, सोनारी स्थित शनिचरा बाबा पूजा स्थल पर शनिचरा बाबा की पूजा-अर्चना विधिवत एवं श्रद्धापूर्वक संपन्न हुई। पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने पूजा स्थल पर पहुंचकर शनिचरा बाबा की आराधना की और समाज की सुख-समृद्धि, शांति एवं उन्नति की कामना की. पूजा के दौरान पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी आस्था प्रकट की। पूजा-अर्चना के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

इस अवसर पर समाज के लोगों ने सामाजिक एकता, आपसी भाईचारा और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संकल्प लिया। साथ ही समाज की सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपराओं को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने और संगठन को और मजबूत बनाने पर भी जोर दिया गया. शनिचरा बाबा की पूजा बिहार की प्रसिद्ध पारंपरिक पूजाओं में शामिल मानी जाती है। इसका धार्मिक महत्व होने के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी विशेष स्थान है। समाज के लोगों के लिए यह आयोजन आस्था के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकजुटता को सहेजने का माध्यम भी है।
कार्यक्रम के दौरान समाज के विकास, शिक्षा को बढ़ावा देने तथा संगठनात्मक मजबूती के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया गया। आयोजन की सफलता में समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं, मातृशक्ति और श्रद्धालुओं की सक्रिय सहभागिता रही. झारखंड तुरहा समाज ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं, समाज के वरिष्ठ सदस्यों, युवाओं एवं मातृशक्ति के प्रति आभार जताया। समाज की ओर से भविष्य में भी इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को और अधिक भव्य रूप से आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया गया।
