जमशेदपुर। साकची स्थित एमजीएम अस्पताल परिसर में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान 22 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान आंध्र प्रदेश के कोटपाकटी निवासी तारा शेष गिरि के रूप में हुई है। वह अस्पताल में निर्माण कार्य के लिए मजदूरी करने जमशेदपुर आया था। जानकारी के अनुसार, सोमवार को तेज बारिश के कारण निर्माण कार्य समय से पहले बंद कर दिया गया था। इसके बाद तारा शेष गिरि किसी काम से बाहर गया था। इसी दौरान उसके गिरने की सूचना उसके साथ काम करने वाले मजदूरों को मिली। सहयोगियों ने तत्काल उसे इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद मजदूर की मौत के कारण को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। कुछ लोगों का कहना है कि उसे करंट का झटका लगा था, जबकि कुछ के अनुसार वह गिरने से घायल हुआ था। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट करने के लिए बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मजदूर की मौत गिरने के कारण हुई या करंट लगने से। घटना के बाद निर्माण कार्य में लगे मजदूरों के बीच शोक की लहर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
