वॉइस ऑफ जर्नलिस्ट्स ने पुलिस-प्रशासन के सराहनीय कार्यों को किया सम्मानित
बासुकीनाथ (दुमका)। राजकीय श्रावणी मेला 2026 के सफल संचालन तथा श्री श्री 10008 बाबा बासुकीनाथ धाम में श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुरक्षा एवं व्यवस्था सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने को लेकर डीएसपी नवल किशोर राय को सम्मानित किया गया। वॉइस ऑफ जर्नलिस्ट्स के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष मुन्ना कापरी के नेतृत्व में आयोजित सम्मान समारोह में संगठन के राष्ट्रीय महासचिव भगवान तिवारी की उपस्थिति में डीएसपी नवल किशोर राय को सम्मान प्रदान किया गया।

इस अवसर पर वॉइस ऑफ जर्नलिस्ट्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवानंद सिन्हा के मार्गदर्शन में संगठन की ओर से पुलिस-प्रशासन के कार्यों की सराहना की गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष देवानंद सिन्हा ने कहा कि श्रावणी मेला जैसे बड़े धार्मिक आयोजन में लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारू व्यवस्था बनाए रखना बड़ी जिम्मेदारी है। पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों और कर्मियों ने जिस निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई, वह सराहनीय है।
झारखंड प्रदेश अध्यक्ष मुन्ना कापरी ने कहा कि यह सम्मान किसी एक अधिकारी तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे पुलिस-प्रशासन के समर्पण और बेहतर कार्यशैली का सम्मान है। मेले के दौरान सुरक्षा, यातायात, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर पुलिस-प्रशासन की भूमिका महत्वपूर्ण रही। उन्होंने कहा कि बाबा बासुकीनाथ धाम में श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने पूरी निष्ठा के साथ कार्य किया।
कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष मधु सिन्हा सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। वॉइस ऑफ जर्नलिस्ट्स की ओर से पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी जनहित से जुड़े कार्यों में सकारात्मक सहयोग जारी रखने की बात कही गई।
