रांची। झारखंड के दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के पास रहे सभी विभाग अब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन संभालेंगे। राज्य सरकार के मंत्रिमंडल समन्वय विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। अधिसूचना के अनुसार मुख्यमंत्री को उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, नगर विकास एवं आवास तथा पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। अब इन विभागों से जुड़े प्रशासनिक एवं नीतिगत कार्य मुख्यमंत्री के स्तर से देखे जाएंगे।

गौरतलब है कि सुदिव्य कुमार सोनू का 6 सितंबर 2026 को निधन हो गया था। उनके निधन के बाद सरकार ने उनके विभागों के नए प्रभार को लेकर औपचारिक व्यवस्था की है। अन्य मंत्रियों के विभागों में इस अधिसूचना के तहत कोई बदलाव नहीं किया गया है। वहीं, इससे पहले दिवंगत मंत्री रामदास सोरेन के पास रहे विभागों की जिम्मेदारी भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पास ही है। इस तरह फिलहाल दोनों दिवंगत मंत्रियों से जुड़े विभागों का कामकाज मुख्यमंत्री संभाल रहे हैं।
