जमशेदपुर : सुंदरनगर स्थित मां विंध्यवासिनी सेवा समिति के दुर्गा पूजा पंडाल निर्माण को लेकर सोमवार को विधिवत भूमि पूजन किया गया। सुंदरनगर के पुरोहित कृपाशंकर शुक्ल एवं मेदिनीपुर के पुरोहित अंजन भट्टाचार्य के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आयोजित भूमि पूजन में पोटका विधानसभा की पूर्व विधायक मेनका सरदार, पूर्वी सिंहभूम जिला परिषद के उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा, पूरीहासा पंचायत की मुखिया पोमा बास्के एवं वार्ड सदस्य उषा शर्मा समेत समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल हुए।

भूमि पूजन के साथ ही पंडाल निर्माण का कार्य भी शुरू हो गया। समिति की ओर से इस वर्ष दुर्गा पूजा को और अधिक भव्य एवं आकर्षक बनाने की तैयारी की जा रही है। पूर्व विधायक मेनका सरदार ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी मां दुर्गा की पूजा पूरी श्रद्धा और भव्यता के साथ आयोजित करने की तैयारी है। पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है, जिसे देखते हुए समिति की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
समिति के संरक्षक संतन ओझा ‘बब्लु’ ने बताया कि इस वर्ष पूजा पंडाल को भव्य मंदिर का स्वरूप दिया जा रहा है। पंडाल को आकर्षक और अलग रूप देने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे पंडाल परिसर को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया जाएगा। खासकर महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए समिति के सदस्य विशेष जिम्मेदारी निभाएंगे।
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा ने कहा कि इस पूजा पंडाल में बड़ी संख्या में महिलाएं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचती हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा समिति की प्राथमिकता है। पंडाल निर्माण के लिए दूसरे राज्यों से कारीगर पहुंचे हैं, जो दिन-रात मेहनत कर निर्धारित समय में निर्माण कार्य पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि महालया से लेकर विजयादशमी तक पूजा पंडाल में भक्ति और धार्मिक वातावरण के साथ आकर्षक सजावट श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगी।
पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने कहा कि इस वर्ष श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण की व्यवस्था की जा रही है। सुंदरनगर स्थित जय मां शक्ति कल्याण मंडप परिसर में बन रहा पूजा पंडाल भव्य स्वरूप में तैयार किया जा रहा है। लाखों रुपये की लागत से तैयार हो रहा यह पंडाल धार्मिक आस्था के साथ देशभक्ति, कला और रचनात्मकता का भी संदेश देगा।
समिति के महासचिव पप्पू कुमार वर्मा ‘अनमोल’ ने बताया कि इस बार महालया से महानवमी तक प्रतिदिन शाम सात बजे महाआरती का आयोजन किया जाएगा। वहीं महासप्तमी, महाअष्टमी और महानवमी के दिन दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए विशाल महाप्रसाद का आयोजन होगा। इसके अलावा प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के सहयोग से महासप्तमी, महाअष्टमी एवं महानवमी के अवसर पर तीन दिवसीय चैतन्य झांकी का भी आयोजन किया जाएगा।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, साफ-सफाई और भीड़ नियंत्रण को लेकर विशेष व्यवस्था की जाएगी। पंडाल निर्माण शुरू होने के साथ ही समिति के सदस्यों में उत्साह का माहौल है।
भूमि पूजन के अवसर पर समिति के संरक्षक संतन ओझा ‘बब्लु’, पूरीहासा पंचायत की मुखिया पोमा बास्के, भारती देवी, गीता देवी, योगेश रामा, शैलेन्द्र कुमार, अध्यक्ष घनश्याम सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष अमित मोदी, उपाध्यक्ष वीणा देवी, उदय वर्मा, तारा सिंगारी, वीणा सिंगारी, राम विनय सिंह, कोषाध्यक्ष भवेश प्रसाद, कंचन ओझा, शैलेन्द्र सिंह, राम नारायण मिश्रा, राकेश सिंह, पंकज ओझा, तेज नारायण राय, पप्पू पोद्दार, रामाकृष्ण मिश्रा, शम्भु शरण कुमार, सुभाष सिंह, अमर सिंह, गीता सिंगारी, उषा शर्मा, निशा देवी, उज्जवल पाठक, कृष्णा कुमार, सुरेन्द्र कुमार, धापी ओझा, टुनटुन ओझा, शत्रुधन ओझा, युवराज ओझा समेत समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
