जमशेदपुर। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त श्री राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला कौशल समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न कौशल विकास एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों की प्रगति, प्रशिक्षणार्थियों की स्थिति, प्रशिक्षण के बाद रोजगार एवं स्वरोजगार से जुड़ाव तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में उपायुक्त ने युवाओं को उनकी रुचि, योग्यता और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध रोजगार की संभावनाओं के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कौशल प्रशिक्षण केवल प्रमाण-पत्र हासिल करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने के लिए प्रभावी पहल की जानी चाहिए।
इस दौरान प्रशिक्षण केंद्रों में संचालित पाठ्यक्रम, प्रशिक्षणार्थियों की संख्या, उपस्थिति, प्रशिक्षण की गुणवत्ता, मूल्यांकन तथा प्रशिक्षण पूरा करने वाले युवाओं के प्लेसमेंट और स्वरोजगार से जुड़ाव की स्थिति की समीक्षा की गई।
उप विकास आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों एवं प्रशिक्षण संस्थानों को प्रशिक्षण की गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण केंद्रों में आवश्यक आधारभूत सुविधाएं तथा प्रशिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रखंड स्तर पर जागरूकता एवं मोबिलाइजेशन गतिविधियों को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया, ताकि अधिक से अधिक युवा कौशल विकास योजनाओं से जुड़ सकें।
बैठक में विभिन्न विभागों एवं एजेंसियों द्वारा संचालित कौशल विकास कार्यक्रमों की अद्यतन स्थिति पर चर्चा हुई। प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए स्थानीय उद्योगों, प्रतिष्ठानों एवं संभावित नियोक्ताओं के साथ समन्वय बढ़ाने पर भी विचार-विमर्श किया गया। वहीं, स्वरोजगार की संभावनाओं वाले प्रशिक्षणार्थियों को सरकारी योजनाओं, ऋण एवं वित्तीय सहायता से जोड़ने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने कौशल विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा करने तथा प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं की ट्रैकिंग और रोजगार/स्वरोजगार से जुड़ाव का अद्यतन डेटा तैयार रखने को कहा। बैठक में भविष्य में रोजगार की मांग को ध्यान में रखते हुए फ्यूचरिस्टिक जॉब रोल के अनुरूप नए कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई।
बैठक में जिला नियोजन पदाधिकारी, सहायक श्रमायुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कौशल पदाधिकारी, DPM JSLPS, RSETI, UNDP, Tata Motors, Tata Steel के प्रतिनिधि सहित जिला कौशल समिति से जुड़े पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा कौशल प्रशिक्षण संस्थानों एवं एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
