रांची समेत 16 जिलों में आज तेज बारिश की संभावना, वज्रपात और मेघगर्जन को लेकर भी चेतावनी
रांची : बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के डीप डिप्रेशन में बदलने के बाद इसका असर झारखंड के मौसम पर दिखाई देने लगा है। राज्य के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग ने बुधवार और गुरुवार को झारखंड के अलग-अलग जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक, 23 सितंबर को रांची समेत 16 जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान कई इलाकों में वज्रपात और मेघगर्जन को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है। 24 सितंबर को भी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में बारिश होने का अनुमान है।

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम पूर्वानुमान के मुताबिक विकसित हुआ है। फिलहाल यह सिस्टम डीप डिप्रेशन के रूप में मौजूद है और पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि यह सिस्टम बुधवार देर शाम या रात के दौरान विशाखापट्टनम, गोपालपुर और कलिंगपट्टनम के आसपास तट को पार कर सकता है। इसके बाद इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। इसी सिस्टम के प्रभाव से झारखंड में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।
मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक, 23, 24 और 25 सितंबर को झारखंड में सिस्टम का मुख्य प्रभाव रहने की संभावना है। 26 सितंबर तक भी कुछ इलाकों में इसका असर बना रह सकता है। वहीं, 27 सितंबर से मौसम में कुछ राहत मिलने का अनुमान है।23 सितंबर को दक्षिणी झारखंड और उससे सटे इलाकों में भारी बारिश को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
