राँची। राजधानी राँची में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। धुर्वा स्थित प्रोजेक्ट भवन (सचिवालय) परिसर में तेज बारिश और हवाओं के बीच एक विशालकाय पेड़ अचानक धराशायी हो गया। पेड़ गिरने से परिसर में पार्क की गईं कई गाड़ियां उसकी चपेट में आ गईं और वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा। पेड़ अधिकारियों और कर्मचारियों की गाड़ियों की कतार पर जा गिरा। गनीमत रही कि हादसे के समय गाड़ियों के अंदर या पेड़ के आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। इससे एक बड़ा हादसा टल गया और किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है।

लगातार हो रही बारिश के कारण राँची की मिट्टी काफी नरम हो गई है। जमीन के ढीली होने से पेड़ों की जड़ों की पकड़ कमजोर पड़ने की आशंका बढ़ गई है, जिसके चलते पुराने और भारी पेड़ों के गिरने का खतरा बना हुआ है। बारिश के बीच शहर में ऐसे पेड़ों और जर्जर संरचनाओं को लेकर लोगों की सुरक्षा चिंता का विषय बनी हुई है।
