रांची। राजधानी राँची के एजी मोड़ के पास शुक्रवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। संत जेवियर स्कूल की एक चलती बस पर अचानक विशाल पेड़ गिर पड़ा। हादसे के वक्त बस में करीब 40 बच्चे सवार थे। पेड़ के अचानक बस पर गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना को देखते हुए आसपास मौजूद राहगीर और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी भी बच्चे या बस स्टाफ को चोट नहीं आई। बस में सवार सभी बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं।

घटना की सूचना मिलते ही राँची पुलिस और स्कूल प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची। सड़क पर गिरे पेड़ को हटाने और यातायात व्यवस्था को सामान्य करने का काम शुरू किया गया। लगातार हो रही बारिश के बीच पेड़ गिरने की घटनाओं ने शहर में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। गनीमत रही कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
