चोरी के दो लैपटॉप, 19 हजार रुपये, बैग व चार मोबाइल बरामद; वारदात में इस्तेमाल बाइक-स्कूटी भी जब्त, एक आरोपी फरार
जमशेदपुर। जुगसलाई थाना क्षेत्र के घोड़ा चौक स्थित मल्लिक प्लाईवुड दुकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के दो लैपटॉप, एक पीठू बैग, 19 हजार रुपये नकद, चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन के अलावा वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और स्कूटी बरामद की है। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

पुलिस के अनुसार, इस संबंध में जुगसलाई थाना कांड संख्या 78/2026, दिनांक 21 सितंबर 2026 को धारा 334(1)/303(2) बीएनएस 2023 के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता सुमित मल्लिक (40), पिता सूरज मल्लिक, निवासी घोड़ा चौक, स्टेशन रोड, जुगसलाई ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया था कि 20 और 21 सितंबर की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने उनकी मल्लिक प्लाईवुड दुकान का ग्रील और शीशा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और चोरी की घटना को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। कांड के उद्भेदन के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम में जुगसलाई थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद पुलिस टीम ने 24 सितंबर 2026 को कपाली ओपी क्षेत्र में छापेमारी कर चार आरोपियों—नूर मोहम्मद, दानिश हुसैन, शेख गनी इमाम उर्फ लकी और शहनवाज खान—को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर मल्लिक प्लाईवुड दुकान से चोरी किया गया पिंक रंग का पीठू बैग, Lenovo कंपनी का काला लैपटॉप, Acer कंपनी का सिल्वर रंग का लैपटॉप और चोरी की रकम में से 19 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
इसके अलावा आरोपियों के पास से चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल संख्या JH05DB1675 और स्कूटी संख्या JH05EF2314 को भी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की निशानदेही से बरामद किया है।
गिरफ्तार चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पुलिस ने शुरू कर दी है। वहीं, मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है तथा बरामद सामान और वाहनों का आवश्यक सत्यापन किया जा रहा है।
