रायपुर टोल प्लाजा से मनोज सरकार, दीपू ओझा, शंकर मुंडा और टीटू शर्मा पकड़े गए; दो वाहन जब्त
जमशेदपुर। सोनारी थाना क्षेत्र के बिंदल मॉल स्थित उडुप्पी रेस्टोरेंट में शनिवार को हुई गोलीबारी के मामले में जमशेदपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने फायरिंग की साजिश रचने के आरोप में चार लोगों को छत्तीसगढ़ के रायपुर टोल प्लाजा से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज सरकार, दीपू ओझा, शंकर मुंडा और टीटू शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, चारों आरोपी घटना के बाद दो वाहनों से जमशेदपुर से फरार हुए थे। पुलिस लगातार उनका पीछा कर रही थी। इसी दौरान रायपुर टोल प्लाजा के पास दोनों वाहनों को रोककर चारों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को भी जब्त कर लिया है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इन चारों पर फायरिंग की साजिश रचने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, डोमिनिक सेमसन का रेलवे समेत अन्य जमीन कारोबार में हस्तक्षेप बढ़ने को लेकर विवाद इस घटना की एक वजह मानी जा रही है। मामले में डोमिनिक से पूछताछ के दौरान कथित साजिशकर्ताओं के नाम सामने आने के बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की थी। वहीं, फायरिंग में शामिल बताए जा रहे शूटरों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस की छापेमारी जारी है। पुलिस गिरफ्तार चारों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड के आधार पर जमशेदपुर लाने की प्रक्रिया में जुटी है। इसके बाद उनसे पूछताछ कर घटना की साजिश, फायरिंग में शामिल अन्य लोगों और हथियारों से जुड़े पहलुओं की जांच की जाएगी।
गौरतलब है कि शनिवार को सोनारी स्थित बिंदल मॉल के उडुप्पी रेस्टोरेंट में अपराधियों ने गोलीबारी की थी। घटना में डोमिनिक सेमसन, दिलशाद, रिजवान और सोनारी निवासी कृष्णा चौधरी घायल हुए थे। घायलों का इलाज चल रहा है, जबकि दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
