मुसाबनी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आकांक्षी प्रखंड मुसाबनी में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि सहित आधारभूत सुविधाओं से जुड़े प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों (KPI) की प्रगति की जानकारी ली गई। मुख्यमंत्री ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप योजनाओं की प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कम प्रगति वाले प्रदर्शन संकेतकों की पहचान कर उनमें सुधार लाने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने पर जोर दिया।

समीक्षा के दौरान विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित करें। सरकार की ओर से आकांक्षी प्रखंडों में स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, कृषि और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में निर्धारित मानकों के आधार पर प्रगति की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि विकास कार्यों का अपेक्षित लाभ ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच सके।
