जमशेदपुर : अनियंत्रित ट्रक ने बर्मामाइंस से बागबेड़ा गुदरी बाजार आने के दौरान सब्जी विक्रेता को मंगलवार दिन में करीब 11 बजे धक्का मार दिया. इससे जख्मी सब्जी विक्रेता को स्थानीय लोगों ने इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा है जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है. हादसे के बाद भी ट्रक चालक नहीं रुका और आगे बढ़ते हुए एक टेंपो को ठोकर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया. इसके बाद चालक मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गया. इधर, दुर्घटना की सूचना मिलने पर बर्मामाइंस पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर लिया जबकि, चालक घटना के बाद ट्रक छोड़कर भाग गया.

मालूम हो कि बर्मामाइंस की ओर से सड़क घुमावदार है तेज गति के वाहन की चपेट में आकर अक्सर वहां दुर्घटनाएं होती हैं. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और 709 ट्रक को जब्त कर लिया. वाहन का नंबर ट्रेस कर पुलिस मालिक की जानकारी निकालने में जुटी है ताकि चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके.
घटना के बाद से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा…
स्थानीय लोगों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि ओवरब्रिज पर अक्सर भारी वाहन तेज रफ्तार में गुजरते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है. उन्होंने प्रशासन से ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने और ऐसे लापरवाह चालकों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.
