गिरिडीह : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिहोडीह स्थित एक घर में सोमवार देर रात पुलिस ने छापेमारी की. इस दौरान दो महिलाएं और दो युवतियों को हिरासत में लिया गया. पुलिस को आशंका है कि यहां से सेक्स रैकेट संचालित किया जा रहा था. जानकारी के अनुसार, जिस मकान से उन्हें हिरासत में लिया गया वह मकान लेदा निवासी टेकलाल मंडल का है. इस मकान में तीन फ्लैट बने हैं, जिसमें से दो में परिवार रहते हैं और एक फ्लैट में पिछले एक महीने से आरोपी ठहरे हुए थे।

स्थानीय लोगों ने बताया है कि उस घर में लगातार हर रोज अनजान पुरुषों का आना-जाना लगा रहता था. जब पड़ोसियों ने पूछताछ की तो घर में रहने वाला युवक खुद को ड्राइवर बोलता था. सोमवार की शाम जब संदिग्ध गतिविधि के दौरान दो पुरुष घर के अंदर गए और एक अन्य व्यक्ति भागने की कोशिश करते हुए बच निकला. जिसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस महिला पुलिस टीम को लेकर मौके पर पहुंची. जिसके बाद पुलिस की काफी मशक्कत के बाद मकान का दरवाजा खोला गया और अंदर तलाशी की गई. तलाशी के दौरान पुलिस ने दो महिलाएं और दो युवतियों को हिरासत में ले लिया. साथ ही तलाशी के दौरान कई तरह की दवाइयां और आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई।
