CHAIBASA : चाईबासा से बड़ी खबर है। पुलिस ने मंझारी थाना क्षेत्र में मिलावटी अंग्रेजी शराब के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है। आज इस बात की जानकारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर, चाईबासा बहामन टूटी ने अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता के माध्यम से पत्रकारों को दी। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सदर एएसपी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम बनाई गई। टीम ने 9 दिसंबर को कुन्दरुगुटु गांव में छापेमारी कर किराना दुकान से बड़ी मात्रा में मिलावटी अंग्रेजी शराब बरामद की और संचालक कुन्दरा तांती को गिरफ्तार कर लिया।

उसकी निशानदेही पर हाटगम्हरिया और टोंटो थाना क्षेत्रों में दो और ठिकानों पर छापेमारी की गई, जहां से यदुनाथ लागुरी और हरिश चंद्र लागुरी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कुल 111 बोतल 180 एमएल, 19 बोतल 375 एमएल, 14 बोतल 750 एमएल और 27 बोतल बीयर सहित 4 मोबाइल जब्त किए हैं। तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अपराध की सूचना तुरंत पुलिस को दें, उनकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
