लोकतंत्र सवेरा/जमशेदपुर : जमशेदपुर के जावरनगर, मानगो स्थित मॉडल इंग्लिश स्कूल में गुरुवार को विद्यालय का 24वां वार्षिक उत्सव, खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भव्य रूप से आयोजित किया गया। यह आयोजन रोड नंबर-15 स्थित अनमोल पैलेस में हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण के बीच संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. हसन इमाम मलिक (स्पोर्ट्स डिवीजन, टाटा स्टील) रहे। वहीं विद्यालय के संस्थापक सईद हमीदुद्दीन, अब्दुर रशीद एवं प्रधानाध्यापक स्वामी दयानंद की विशेष उपस्थिति में कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
वार्षिक उत्सव के दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों के खेलकूद प्रदर्शन तथा वरिष्ठ विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। नृत्य, नाटक, समूह नृत्य एवं देशभक्ति कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियों ने पूरे सभागार को तालियों से गूंजा दिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया और कार्यक्रम में विशेष उत्साह का संचार किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. हसन इमाम मलिक द्वारा मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित किए गए। उन्होंने अपने संबोधन में विद्यालय की शैक्षणिक प्रगति, अनुशासन और बच्चों के सर्वांगीण विकास की सराहना की तथा विद्यार्थियों को निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाध्यापक द्वारा सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय के सचिव अब्दुल रशीद ने किया।
प्रतियोगिता में पीस हाउस (PEACE) विजेता तथा फेथ हाउस (FAITH) उपविजेता घोषित किया गया। कुल मिलाकर यह वार्षिक उत्सव विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए यादगार एवं प्रेरणादायक साबित हुआ।
