जमशेदपुर : आज दिनांक 4 जनवरी 2026 (रविवार) को दोपहर 12 बजे केवल संविदा समिति की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में केवल कंपनी के कामगारों एवं प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। बैठक का उद्देश्य कंपनी से जुड़े कानूनी विवादों, श्रमिक समस्याओं और सामाजिक समरसता पर विचार-विमर्श करना था।


बैठक की अध्यक्षता समिति के संयोजक कमलनाथ शाही ने की। उन्होंने वर्तमान कानूनी स्थिति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कंपनी को सभी मामलों में पारदर्शिता और न्यायपूर्ण रवैया अपनाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि समिति का उद्देश्य किसी प्रकार का विवाद खड़ा करना नहीं, बल्कि समस्याओं का शांतिपूर्ण समाधान निकालना है।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि कंपनी में कार्यरत श्रमिकों की नौकरी और भविष्य को लेकर गंभीर चिंताएं हैं। समिति ने सभी संबंधित पक्षों से संवाद और सहयोग की अपील की, ताकि किसी भी तरह की गलतफहमी या अफवाह को रोका जा सके।
समाजसेवी नेता शिवशंकर ने कहा कि समाज में भाईचारा बनाए रखना सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने वाले तत्व समाज को नुकसान पहुंचा सकते हैं, ऐसे लोगों से सतर्क रहने की आवश्यकता है।
वहीं, अनिल ठाकुर (अधिवक्ता) ने कहा कि किसी भी समस्या का समाधान कानूनी दायरे में रहकर ही संभव है। उन्होंने श्रमिकों से संयम बनाए रखने और तथ्यों के आधार पर आगे बढ़ने की सलाह दी।
विपिन कुमार ने कहा कि समिति हमेशा कानूनी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्य करेगी और किसी भी निर्दोष को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं, जिन्हें सफल नहीं होने दिया जाएगा।
शैलेश पाण्डेय ने कहा कि शांति और संवाद ही समस्याओं का स्थायी समाधान है। उन्होंने दलबाजी और भड़काऊ बयानबाजी से दूर रहने की अपील की तथा सहयोग का आश्वासन दिया।
पूर्व नेता प्रताप यादव ने अपने संबोधन में उपस्थित लोगों का मनोबल बढ़ाया और कहा कि झूठी अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि भय का माहौल बनाने वालों से डरने की आवश्यकता नहीं है।
बैठक का संचालन राजेश सिंह ने किया अंत में समिति के महामंत्री यू.के. शर्मा ने सभी उपस्थित सदस्यों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
