जमशेदपुर : जमशेदपुर शहर के वरिष्ठ पत्रकार एवं शार्प भारत के निदेशक मंडल के सदस्य रत्नेश तिवारी के पिता ब्यासदेव तिवारी (78 वर्ष) का बुधवार की शाम लगभग चार बजे निधन हो गया। उनके निधन से परिवार, पत्रकार जगत और शहर में शोक की लहर दौड़ गई है।


मिली जानकारी के अनुसार, करीब एक माह पूर्व ब्यासदेव तिवारी अपने घर के सामने गिर पड़े थे, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया था। लंबे इलाज के बाद उनकी स्थिति में कुछ सुधार हुआ और वे सिदगोड़ा एग्रिको पोस्ट ऑफिस के पास स्थित शिव सिंह बगान स्थित अपने आवास पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे थे।
बुधवार की शाम अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
स्वर्गीय ब्यासदेव तिवारी अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके बड़े पुत्र कमलेश तिवारी, जो टाटा स्टील के कर्मचारी हैं, दूसरे पुत्र रत्नेश तिवारी और छोटे पुत्र सोनू तिवारी सहित पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
निधन की सूचना मिलते ही उनके आवास पर स्वजनों, मित्रों, पत्रकारों और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों का तांता लग गया। सभी ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।
अंतिम संस्कार आज गुरुवार की सुबह करीब 11 बजे साकची स्वर्णरेखा बर्निंग घाट में किया जाएगा। जबकि शवयात्रा सुबह 10:30 बजे सिदगोड़ा एग्रिको शिव सिंह बगान स्थित आवास से निकलेगी।
