जमशेदपुर : मानगो समता नगर में गैस गोदाम के सामने पेयजल स्वच्छता विभाग का पाइप फट जाने से बीते करीब बीस दिनों से लगातार पानी की भारी बर्बादी हो रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार प्रतिदिन लाखों लीटर पानी सड़क पर बह रहा है, लेकिन संबंधित विभाग अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पाया है।

पाइप फटने के कारण इलाके में गंभीर जलजमाव की स्थिति बन गई है, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। गंदगी और पानी से बचने के लिए लोगों को कई किलोमीटर घूमकर वैकल्पिक रास्तों से आना-जाना पड़ रहा है। इससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय निवासियों की सूचना पर भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि विभागीय लापरवाही के कारण न केवल पानी की बर्बादी हो रही है, बल्कि लोगों का जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है। विकास सिंह ने मानगो नगर निगम के अधिकारियों से तत्काल शिकायत करते हुए फटे पाइप की अविलंब मरम्मत कराने और पानी की बर्बादी रोकने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो जनआंदोलन किया जाएगा।
मौके पर स्थानीय निवासी संदीप शर्मा, शाहिद सहित अन्य लोग उपस्थित थे, जिन्होंने प्रशासन से जल्द समाधान की अपील की।
स्थानीय लोगों की मांग है कि पाइप की तत्काल मरम्मत कर जलजमाव से राहत दिलाई जाए, ताकि पानी की बर्बादी रुके और आमजन को हो रही परेशानी समाप्त हो।
