जमशेदपुर : झारखंड में गुरुवार सुबह इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने एक साथ बड़ा एक्शन लिया है। आयकर विभाग की अनुसंधान शाखा (Investigation Wing) ने रांची, जमशेदपुर, हजारीबाग समेत झारखंड के कई जिलों और बिहार में एक साथ जोरदार छापेमारी शुरू की है। यह कार्रवाई बाबा राइस मिल समूह से जुड़े कारोबारियों के खिलाफ की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, अहले सुबह शुरू हुई यह छापेमारी करीब एक दर्जन से अधिक ठिकानों पर एक साथ चल रही है। जमशेदपुर में एक बड़े कारोबारी के सीएच एरिया स्थित आवास पर आयकर की टीम ने दस्तक दी है। बताया जा रहा है कि संबंधित कारोबारी चावल और धान के कारोबार से जुड़े हुए हैं।
जमशेदपुर के अलावा हजारीबाग, झारखंड के अन्य जिलों और बिहार के कई इलाकों में भी इनकम टैक्स की टीमें एक्शन में हैं। खास तौर पर बिहार के औरंगाबाद में भी छापेमारी की पुष्टि हुई है। यहां महाराजगंज रोड स्थित धान कारोबारी विश्वजीत जायसवाल के आवास पर आयकर विभाग की टीम जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, बाबा राइस मिल समूह पर आय से अधिक संपत्ति रखने और बड़े पैमाने पर आय छिपाने का आरोप है। छापेमारी के दौरान कई अहम दस्तावेज, लेन-देन से जुड़े कागजात और डिजिटल सबूत जब्त किए जाने की सूचना है। आयकर विभाग की टीमें कारोबारियों के आवास, कार्यालय और अन्य ठिकानों की गहन तलाशी ले रही हैं।
सूत्रों का यह भी कहना है कि राइस मिल के संचालक नितेश कुमार भी आयकर विभाग के रडार पर हैं और उनसे जुड़े वित्तीय लेन-देन की बारीकी से जांच की जा रही है।
फिलहाल छापेमारी जारी है और आयकर विभाग की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है। लेकिन जिस तरह एक साथ कई जिलों में कार्रवाई हुई है, उससे यह साफ है कि मामला काफी बड़ा और संगठित टैक्स चोरी से जुड़ा हुआ हो सकता है।
