जमशेदपुर : जमशेदपुर में शुक्रवार से स्कूल वैन, ऑटो और बसों के पहिए थम सकते हैं। बिरसानगर थाना क्षेत्र में दर्ज नाबालिग से दुष्कर्म के प्रयास के मामले में वैन चालक की गिरफ्तारी के विरोध में स्कूली वाहन सेवा संचालन समिति ने अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान कर दिया है।
बताया जा रहा है कि बुधवार को पुलिस ने टेल्को खड़ंगाझार राधिकानगर निवासी मन्नु कुमार पांडेय को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। इस कार्रवाई के बाद गुरुवार को वैन चालकों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। समिति के सदस्यों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने बिना निष्पक्ष जांच के दबाव में आकर एकतरफा कार्रवाई की है।
चालकों का कहना है कि मन्नु पांडेय पिछले 30 वर्षों से वैन चला रहा है और अब तक उसके खिलाफ किसी भी प्रकार की शिकायत सामने नहीं आई है। सिर्फ एक शिकायत के आधार पर जांच के बिना जेल भेजना सरासर अन्याय है। उन्होंने साफ कहा कि—
👉 जब तक मेडिकल रिपोर्ट नहीं आ जाती
👉 जब तक निष्पक्ष जांच पूरी नहीं हो जाती
👉 और जब तक चालक की रिहाई नहीं होती
तब तक पूरे शहर में वैन, ऑटो और बसों की हड़ताल जारी रहेगी।
इस पूरे मामले में समाजसेवी अंकित आनंद भी खुलकर सामने आए। उन्होंने स्कूल प्रबंधन से वार्ता कर कहा कि स्थानीय थाना ने परिजनों को सूचना दिए बिना जल्दबाजी में कार्रवाई की है। उन्होंने प्रशासन और स्कूल प्रबंधन से मांग की कि—
सभी शैक्षणिक व गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य किया जाए
मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही निष्कर्ष निकाला जाए…..
मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एसआईटी (SIT) का गठन किया जाए उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि घटना टेल्को थाना क्षेत्र की बताई जा रही है, जबकि कांड बिरसानगर थाना में दर्ज किया गया है, जो संदेह पैदा करता है. साथ ही उन्होंने एनसीपीसीआर की गाइडलाइन के तहत सभी स्कूलों में एसओपी लागू करने और एक विशेष निगरानी समिति गठित करने की मांग की। इस मुद्दे पर स्कूल प्रबंधन से बातचीत की गई है, जहां से आश्वासन मिलने की बात कही जा रही है।
