जमशेदपुर : मानगो नगर निगम चुनाव ने उस वक्त जबरदस्त सियासी रंग ले लिया, जब राज्य के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने मेयर पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के बाद कदमा स्थित अपने आवासीय कार्यालय में पत्रकारों से मुखातिब होते हुए बन्ना गुप्ता ने न सिर्फ चुनावी रणनीति खोली, बल्कि अपने चिर-परिचित राजनीतिक प्रतिद्वंदी जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय पर जोरदार निजी और राजनीतिक हमला बोल दिया।
बन्ना गुप्ता ने तीखे लहजे में कहा— “एक चुटकी सिंदूर की कीमत आप क्या जानें विधायक जी! रामार्चा पूजा में सरयू राय के साथ बैठने वाली महिला ‘मधु’ कौन है? अगर वह आपकी पत्नी है, तो उसकी मांग सिंदूर से क्यों नहीं भरते?”
इस बयान के साथ ही मानगो नगर निगम चुनाव की राजनीति व्यक्तिगत आरोपों और तीखी बयानबाज़ी के नए मोड़ पर पहुंच गई है। बन्ना गुप्ता के इस हमले को सरयू राय के खिलाफ अब तक का सबसे सीधा और आक्रामक प्रहार माना जा रहा है।
राजनीतिक गलियारों में इस बयान के बाद हलचल तेज है। जहां समर्थक इसे राजनीतिक पलटवार बता रहे हैं, वहीं विरोधी इसे चुनावी माहौल को गरमाने की रणनीति मान रहे हैं। साफ है कि मानगो मेयर चुनाव अब सिर्फ विकास नहीं, बल्कि प्रतिष्ठा और व्यक्तिगत टकराव का अखाड़ा बनता जा रहा है. अब देखने वाली बात यह होगी कि सरयू राय इस हमले का क्या जवाब देते हैं और यह सियासी जंग मतदान तक और कितनी तीखी होती है।
