जमशेदपुर : शहर में चाकूबाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह लाइन नंबर-1 का है, जहां 21 वर्षीय प्रेम पासवान पर उसके ही पड़ोसी राहुल पासवान ने अपने साथियों के साथ मिलकर गुरुवार सुबह जानलेवा हमला कर दिया। हमले में प्रेम गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में प्रेम को आनन-फानन में एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
चार्जर और नकदी चोरी बना हमले की वजह…
घायल प्रेम के मामा बब्बन पासवान ने बताया कि बुधवार देर शाम राहुल ने प्रेम की मां के घर से मोबाइल चार्जर और 6 से 7 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए थे। जब प्रेम ने इसका विरोध किया और राहुल से पूछताछ की, तो दोनों के बीच गाली-गलौज और विवाद हो गया। इसी रंजिश में गुरुवार सुबह राहुल अपने सहयोगियों के साथ पहुंचा और चाकू से ताबड़तोड़ वार कर प्रेम को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
शहर में बढ़ती चाकूबाजी से दहशत…
आपको बता दें कि जमशेदपुर में इन दिनों चाकूबाजी की घटनाओं में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। आए दिन इस तरह के मामले सामने आ रहे हैं, जिससे आम लोगों में भय का माहौल बन गया है। घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।
