पटना : 31 साल पुराने धोखाधड़ी और धमकी देने के मामले में एमपी-एमएलए कोर्ट के आदेश पर पटना पुलिस ने पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव को शुक्रवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से राजधानी की राजनीति में हलचल मच गई।
सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तारी के लिए पटना स्थित पप्पू यादव के आवास पर सिटी एसपी, 5 डीएसपी और छह थानों की पुलिस पहुंची थी। पुलिस के पहुंचते ही पप्पू यादव सबसे ऊपर के फ्लोर पर चले गए। इस दौरान उन्होंने डीआईजी के इंस्पेक्टर दीपक से सवाल किया कि इतनी रात में आने की क्या वजह है।
बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद पप्पू यादव और उनके करीबी प्रेमचंद की पुलिस अधिकारियों से तीखी नोकझोंक भी हुई। गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही समर्थकों की भीड़ उनके आवास और आसपास के इलाकों में जुटने लगी।
करीब तीन घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। आखिरकार जब पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया, तो पप्पू यादव बेहोश हो गए। इस दौरान समर्थकों और पुलिस के बीच हाथापाई की स्थिति भी बनी, समर्थकों ने पुलिस वाहन को घेर लिया।
स्थिति नियंत्रित होने के बाद पुलिस पप्पू यादव को गिरफ्तार कर आईजीआईएमएस ले गई। पुलिस ने बताया कि उन्हें शनिवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा. इस गिरफ्तारी के बाद बिहार की सियासत एक बार फिर गरमा गई है, वहीं समर्थकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
