जमशेदपुर : केंद्र सरकार की चार श्रम संहिता समेत अन्य नीतियों के खिलाफ गुरुवार को देशव्यापी हड़ताल आहूत की गयी है. इस हड़ताल में बैंक समेत तमाम कंपनियों के लोग रहेंगे. हड़ताल की पूर्व संध्या पर बुधवार को जमशेदपुर सेंट्रल ट्रेड यूनियन के संयुक्त मंच के बैनर तले मजदूरों ने साकची आमबागान मैदान से होकर साकची गोलचक्कर तक मशाल जुलूस निकाला. इस जुलूस का नेतृत्व एटक के राज्य सचिव और सीटू के राज्य सचिव विश्वजीत देब, ऑल इंडिया पीएनबी एम्प्लाइज एसोसिएशन के राज्य सचिव हीरा अरकने, मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव यूनियन के सचिव पीयूष गुप्ता, अराजपत्रित कर्मचारी संघ के सुभाष यादव व शर्मिला ठाकुर ने किया. इस जुलूस में जमशेदपुर सीमेंट कामगार यूनियन, टाटा पावर मजदूर यूनियन, टेल्को मजदूर यूनियन, टाटा ब्लू स्कोप कामगार यूनियन, बीएसएसआर यूनियन, बैंक एलआइसी, जीआइसी की यूनियन, शिक्षक संघ, अराजपत्रित कर्मचारी संघ, रेलवे कर्मचारी यूनियन, असंगठित क्षेत्र के सैकड़ों मजदूर मशाल लेकर चार लेबर कोड के विरुद्ध नारा लगाते हुए आमबगान मैदान से साकची गोलचक्कर पहुंचे, जहां नेताओं ने मजदूरों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा 29 श्रम कानून को चार लेबर कोड में सिर्फ और सिर्फ उद्योगपतियों और पूंजीपतियों के हित में बताया और कहा कि इस श्रम संहिता से देश के मजदूरों की दशा और दिशा दोनों बदल जायेगी।
मशाल जुलूस में इंश्योरेंस यूनियन के सुभाष करण, अमित मैती, झारखंड मजदूर यूनियन के उपाध्यक्ष पिंकी सिंह, ओम प्रकाश सिंह, स्टूडेंट और युवा नेता मुकेश रजक, विक्रम कुमार आदि कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभायी. दूसरी ओर, संयुक्त ट्रेड यूनियन की ओर से गुरुवार को आहूत देशव्यापी हड़ताल को सिंहभूम असंगठित कामगार यूनियन ने भी समर्थन दिया है. यूनियन अध्यक्ष विजय खां की अध्यक्षता में यूनियन ने बैठक की. बैठक में विजय खां ने तमाम मजदूरों से कामकाज ठप कर हड़ताल में शामिल होने की अपील की।
