जमशेदपुर : मानगो नगर निगम चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंचता जा रहा है। चुनावी जंग अब सिर्फ जुबानी वार तक सीमित नहीं रही, बल्कि पोस्टर-वार ने भी राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है. ताजा मामला मानगो पुल का है, जहां मेयर पद की प्रत्याशी कुमकुम श्रीवास्तव का लगा चुनावी पोस्टर फटा हुआ पाया गया। पोस्टर फटने की खबर फैलते ही समर्थकों में आक्रोश फैल गया और देखते ही देखते यह मामला राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप में बदल गया।

इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए राजकुमार श्रीवास्तव आग बबूला हो उठे। उन्होंने भाजपा नेता नीरज सिंह सहित कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह सुनियोजित साजिश है। उन्होंने कहा, “जब जनता का समर्थन साफ दिखाई दे रहा है, तब कुछ लोग हार की आहट से घबराकर इस तरह की ओछी हरकतों पर उतर आए हैं। पोस्टर फाड़ना लोकतंत्र का अपमान है।”
राजकुमार श्रीवास्तव ने साफ शब्दों में कहा कि वे इस घटना की घोर निंदा करते हैं और प्रशासन से मांग की है कि दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चुनावी माहौल बिगाड़ने और माहौल को भटकाने की कोशिश की जा रही है. इधर, मानगो की सियासत में इस घटना के बाद हलचल तेज हो गई है। समर्थकों का कहना है कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे विरोधियों की बेचैनी बढ़ती जा रही है। वहीं दूसरी ओर, विपक्षी खेमे की ओर से अभी तक इस आरोप पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
मानगो नगर निगम चुनाव अब केवल विकास के मुद्दों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि आरोप-प्रत्यारोप, पोस्टर विवाद और सियासी तकरार का अखाड़ा बनता जा रहा है। आने वाले दिनों में यह चुनावी जंग और कितना गरमाएगा, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
