देवघर : जिलाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय सभागार में वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजटीय आवंटन और उसके व्यय की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीसी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि प्राप्त बजटीय आवंटन का समयबद्ध और शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और वित्तीय अनुशासन बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।


डीसी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित व्यय प्रस्तावों की शीघ्र स्वीकृति की जाए और योजनाओं की प्रगति नियमित रूप से समीक्षा की जाए ताकि निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य पूरे हों। जिला कोषागार पदाधिकारी को वित्तीय कार्यों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। उपायुक्त ने स्थापना मद की राशि की 100% निकासी और 15% बाध्यता का ध्यान रखते हुए राशि निकासी का निर्देश दिया। साथ ही, सेंट्रल बैंक और केनरा बैंक में संचालित सरकारी खातों में राशि हस्तांतरित करने और वित्त विभाग की अनुमति से नए खातों के खोलने के संबंध में दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन, डीआरडीए निदेशक, जिला कोषागार पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला एवं प्रखंड स्तर के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
