जमशेदपुर : मिशन फॉर इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट ऑफ हॉर्टिकल्चर (MIDH) योजना के अंतर्गत जिले के विभिन्न प्रखंडों से चयनित 40 प्रगतिशील किसानों को पांच दिवसीय उन्नत उद्यानिकी तकनीकों के प्रशिक्षण हेतु भारतीय बागवानी तकनीकि संस्थान, नोएडा के लिए समाहरणालय परिसर से रवाना किया गया।


उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान ने समाहरणालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया। सभी किसान आगे की यात्रा ट्रेन के माध्यम से करेंगे। इस अवसर पर जिला उद्यान पदाधिकारी अनिमा लकड़ा सहित विभाग के अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक उद्यानिकी पद्धतियों से अवगत कराना है। प्रशिक्षण के दौरान उन्नत उत्पादन तकनीक, गुणवत्तायुक्त पौध प्रबंधन, संरक्षित खेती (प्रोटेक्टेड कल्टीवेशन), पोस्ट-हार्वेस्ट प्रबंधन तथा मूल्य संवर्धन से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी।
जिला उद्यान पदाधिकारी ने बताया कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से किसानों को नवीनतम तकनीकी जानकारी प्राप्त होती है, जिससे वे अपने खेतों में वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर उत्पादन और गुणवत्ता दोनों में वृद्धि कर सकते हैं। इससे किसानों की आय में भी बढ़ोतरी सुनिश्चित होगी। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में किसानों के लिए इस प्रकार के प्रशिक्षण एवं एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि जिले में उद्यानिकी क्षेत्र को और सशक्त बनाया जा सके।
