धनबाद : थाना क्षेत्र के बरटांड़ के समीप पांडे मीट हाउस में 27 फरवरी को रंगदारी को लेकर संचालक के साथ मारपीट की गई थी। इस घटना में दुकान संचालक गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उन्हें इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया था। मारपीट का पूरा घटनाक्रम वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया था। घटना के बाद पीड़ित दुकानदार मंगल सिंह के बयान पर धनबाद थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। इस मामले में कुल पाँच लोगों को आरोपी बनाया गया है, जिनमें से एक आरोपी पहले ही जेल भेजा जा चुका है।
मुख्य आरोपी रौशन सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने लगातार छापेमारी की और अंततः वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। गिरफ्तारी के बाद सोमवार शाम पुलिस ने रौशन सिंह की सरेआम परेड कराई। आरोपी को सिटी सेंटर से मधुलिका होटल तक पैदल घुमाया गया।
धनबाद थाना प्रभारी मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि इस कार्रवाई का उद्देश्य यह संदेश देना है कि कोई भी अपराधी अपराध करके बच नहीं सकता। उन्होंने यह भी कहा कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
