धनबाद/झरिया : धनबाद परिवहन विभाग ने अवैध ओवरलोडिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए झरिया क्षेत्र के आरके माइनिंग और बीएनआर साइडिंग में छापेमारी कर 19 ओवरलोड हाईवा जब्त किए हैं। यह कार्रवाई जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) दिवाकर सिंह द्विवेदी के नेतृत्व में की गई।जानकारी के अनुसार, आरके माइनिंग के ओबी डंप और कांटा के पास खड़ी 11 ओवरलोड हाईवा को सीज किया गया। वहीं बीएनआर साइडिंग से 8 हाईवा पर कार्रवाई की गई। जांच के दौरान पाया गया कि वाहनों में क्षमता से अधिक लोड था। साथ ही कई वाहनों के आवश्यक दस्तावेज अधूरे थे और उन पर अनिवार्य रेडियम स्टीकर भी नहीं लगे थे।

नियमों के उल्लंघन के चलते सभी 19 हाईवा को जब्त कर बोर्रागढ़ ओपी और केंदुआ थाना के सुपुर्द कर दिया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई संबंधित थाना द्वारा की जाएगी। कार्रवाई के दौरान कुछ वाहन मालिकों ने हाईवा को थाना ले जाने का विरोध करते हुए परिवहन विभाग पर मनमानी का आरोप लगाया। उनका कहना था कि बिना पूर्व सूचना के कार्रवाई की गई। हालांकि परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि ओवरलोडिंग, अधूरे कागजात और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। DTO ने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और सरकारी राजस्व को होने वाले नुकसान को रोकने के लिए भविष्य में भी इस तरह की सघन जांच और कार्रवाई जारी रहेगी।

