रांची : हजारीबाग में हुए दुष्कर्म मामले को लेकर झारखंड हाई कोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेते हुए राज्य प्रशासन से जवाब तलब किया है। अदालत ने राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी), गृह सचिव तथा हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक (एसपी) को नोटिस जारी किया है। मामले की सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद की अदालत ने घटना पर कड़ी टिप्पणी करते हुए इसकी तीखी निंदा की। अदालत ने मामले को आगे की सुनवाई के लिए मुख्य न्यायाधीश की अदालत में रेफर कर दिया।

सुनवाई के दौरान वर्चुअल माध्यम से उपस्थित हजारीबाग एसपी को न्यायालय ने फटकार भी लगाई और कानून-व्यवस्था तथा महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए। इस संबंध में वरीय अधिवक्ता धीरज कुमार ने बताया कि अदालत ने राज्य सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है और मामले की निगरानी स्वयं करने के संकेत दिए हैं। अदालत ने स्पष्ट किया कि ऐसी घटनाएं समाज और कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े करती हैं तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
