जमशेदपुर/सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत प्रसिद्ध दलमा वाइल्ड लाइफ सेंचुरी में रविवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब नियमों का उल्लंघन कर रहे युवकों ने वनकर्मियों पर हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में प्रभारी वनपाल सागर श्रीवास्तव और सब बीट ऑफिसर हरि प्रसाद अग्रवाल गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।


चेकनाका पर रोकने पर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, चार युवक कार और बाइक से रविवार शाम दलमा पहुंचे थे। बता दें कि दलमा सेंचुरी में पिछले 3 वर्षों से बाइक के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध है, जबकि कारों के लिए प्रवेश द्वार पर पंजीकरण अनिवार्य है। जब वनकर्मियों ने बिना अनुमति अंदर घुस रहे इन वाहनों को चेकनाका पर रोकने का प्रयास किया, तो युवक वाहन भगाकर अंदर घुसने लगे।
सड़क पर घसीटकर की मारपीट, हथियार और गांजा बरामद
वनकर्मियों ने पीछा कर जब युवकों को घेरा, तो उन्होंने सरकारी काम में बाधा डालते हुए कर्मियों पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवकों ने वनकर्मियों को सड़क पर घसीट-घसीट कर पीटा। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए तीन युवकों को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि एक आरोपी जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। पकड़े गए युवकों के पास से पुलिस को धारदार हथियार और गांजा बरामद हुआ है। पुलिस ने मौके से हमलावरों की कार और बाइक भी जब्त कर ली है।
पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही चांडिल पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए भिजवाया। देर रात तक वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम फरार चौथे आरोपी की तलाश में जंगल में छापेमारी करती रही। पुलिस आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, जानलेवा हमला करने और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज करने की तैयारी कर रही है।
