जमशेदपुर : शहर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत तालाब बस्ती में इन दिनों नशे का अवैध कारोबार बेखौफ अंदाज में फल-फूल रहा है। हैरानी की बात यह है कि यह सब कुछ खुलेआम हो रहा है, लेकिन जिम्मेदार तंत्र या तो अनजान बना हुआ है या फिर सवालों के घेरे में है. सूत्रों के अनुसार, इलाके में गांजा और ब्राउन शुगर जैसे खतरनाक नशीले पदार्थों की बिक्री धड़ल्ले से की जा रही है। सुबह से लेकर देर रात तक यहां नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है। बिना किसी डर या रोक-टोक के यह काला कारोबार संचालित हो रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र का माहौल बिगड़ता जा रहा है।


सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि इस अवैध धंधे की चपेट में बड़ी संख्या में युवा आ रहे हैं। नशे की गिरफ्त में फंसती नई पीढ़ी न केवल अपने भविष्य को बर्बाद कर रही है, बल्कि समाज के लिए भी गंभीर खतरा बनती जा रही है. स्थानीय सूत्रों का दावा है कि इतने बड़े पैमाने पर चल रहे इस कारोबार के पीछे कहीं न कहीं प्रशासनिक ढिलाई या मिलीभगत की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। बिना संरक्षण के इस तरह का धंधा लंबे समय तक चल पाना संभव नहीं माना जा रहा है।
इस पूरे मामले में एक व्यक्ति का नाम भी सामने आ रहा है, जिसकी भूमिका संदिग्ध बताई जा रही है। हालांकि, सुरक्षा कारणों से फिलहाल उसका नाम और संबंधित वीडियो सार्वजनिक नहीं किया गया है। विश्वसनीय पुष्टि के बाद ही आगे इसका खुलासा किया जाएगा. अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर कब तक इस जहर के कारोबार पर लगाम लगेगी? क्या प्रशासन इस ओर गंभीर कदम उठाएगा या फिर यूं ही युवा पीढ़ी नशे की आग में झुलसती रहेगी?
