जमशेदपुर : जेम्को स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय कालीमाटी में बुधवार से 15 दिवसीय ‘जल पखवाड़ा’ (16 से 30 अप्रैल 2026) का विधिवत शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के पहले दिन विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने सामूहिक रूप से जल संरक्षण की शपथ ली और पानी बचाने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर बच्चों ने पोस्टर और पेंटिंग के माध्यम से जल की महत्ता को रेखांकित किया। रंग-बिरंगी रचनाओं के जरिए उन्होंने ‘बूंद-बूंद पानी सहेजें’ का संदेश दिया, जिससे परिसर में जागरूकता का माहौल बना रहा।


विद्यालय के प्रधानाध्यापक धनंजय श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जल जीवन का आधार है और इसका संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पानी की बर्बादी भविष्य के लिए गंभीर संकट पैदा कर सकती है, इसलिए अभी से जागरूक होना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि 30 अप्रैल तक चलने वाले इस अभियान के तहत प्रतिदिन प्रभात फेरी, पोस्टर प्रतियोगिता, क्विज़ सहित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से न सिर्फ विद्यालय, बल्कि आसपास के समुदाय को भी जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा। कार्यक्रम में कंचन कुमारी, करनदीप सिंह, एंजेलिना टीगा, राकेश कुमार, रितु सिंह, सरिता सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
विद्यालय परिवार ने एक स्वर में संदेश दिया— “पानी बचाएं, भविष्य बचाएं… हमारा झारखंड, हमारा भविष्य।”

