जमशेदपुर : लौहनगरी में अपराधियों के हौसले पस्त होने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला टाटानगर रेलवे स्टेशन के पास का है, जहाँ रविवार देर रात अपराधियों ने ड्यूटी से लौट रहे लोको पायलट जीके गौतम की कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली मारकर हत्या कर दी। इस वारदात के बाद पूरे शहर और रेलवे महकमे में दहशत का माहौल है।



घात लगाकर बैठे थे अपराधी
मिली जानकारी के अनुसार, जीके गौतम रविवार रात कांड्रा से मालगाड़ी लेकर टाटानगर स्टेशन पहुँचे थे। अपनी ड्यूटी समाप्त करने के बाद वे पैदल ही रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी स्थित लॉबी की ओर जा रहे थे। इसी बीच रास्ते में पहले से घात लगाए बाइक सवार दो अपराधियों ने उन्हें रोका और बिना किसी बहस के सीधे कनपटी पर गोली दाग दी। लहूलुहान हालत में उन्हें तुरंत रेलवे अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जमीन विवाद से जुड़ रहे हैं हत्या के तार
सूत्रों और पुलिस की प्राथमिक जांच के अनुसार, इस हत्या के पीछे जमीन विवाद मुख्य वजह बताई जा रही है। चर्चा है कि जीके गौतम रेलवे की नौकरी के साथ-साथ जमीन के कारोबार से भी जुड़े हुए थे। पुलिस इस एंगल को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से तफ्तीश कर रही है।
पुलिस की कार्रवाई और सुरक्षा पर सवाल
घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी और बागबेड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है और अपराधियों की पहचान के लिए सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कर्मचारियों में भारी आक्रोश
इस निर्मम हत्या के बाद टाटानगर रेलवे कर्मचारियों में भारी गुस्सा देखा जा रहा है। कर्मचारियों ने रेलवे परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए गश्त बढ़ाने की माँग की है।
