□ सोपोडेरा स्थित स्कूल परिसर में मिला था किशोरी का शव।
□ पूछताछ में नाबालिग आरोपी ने कबूला जुर्म।
जमशेदपुर : परसूडीह थाना क्षेत्र के सोपोडेरा स्थित राजकीय मध्य विद्यालय परिसर में मिली नाबालिग किशोरी की हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मृतका के नाबालिग प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है। इसके बाद उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत रिमांड होम भेज दिया गया। मामले में किशोरी के पिता के बयान पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है।



परसूडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि किशोरी की हत्या गला दबाकर की गयी थी। गिरफ्तार आरोपी घोड़ाबांधा के कानपुरा क्षेत्र का रहने वाला है। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पूर्व दोनों के बीच दोस्ती हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गयी।
पुलिस के अनुसार, किशोरी लगातार आरोपी पर शादी करने का दबाव बना रही थी। आरोपी ने कई बार उसे समझाने की कोशिश की कि दोनों अभी नाबालिग हैं और बालिग होने के बाद शादी करेंगे, लेकिन किशोरी अपनी बात पर अड़ी हुई थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
शादी की जिद बनी हत्या की वजह…..
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह प्रेमिका के लगातार शादी के दबाव से परेशान हो चुका था। इसी कारण उसने हत्या की योजना बनायी। शुक्रवार दोपहर वह किशोरी को घुमाने के बहाने अपने साथ लेकर गया और ऑटो रिजर्व कर सोपोडेरा स्थित राजकीय मध्य विद्यालय के पास पहुंचा।
इसी दौरान बारिश शुरू हो गयी, जिसके बाद दोनों स्कूल परिसर के बरामदे में बैठ गये। वहां एक बार फिर शादी को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गयी। आरोपी ने किशोरी को काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. घटना के खुलासे के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।



